दिलजीत दोसांझ को तेलंगाना सरकार ने भेजा नोटिस, हैदराबाद कॉन्सर्ट में पटियाला पैग, पंज तारा गाने नहीं गा पाएंगे, बच्चों को भी मंच पर नहीं बुला पाएंगे

दिलजीत दोसांझ को तेलंगाना सरकार ने भेजा नोटिस, हैदराबाद कॉन्सर्ट में पटियाला पैग, पंज तारा गाने नहीं गा पाएंगे, बच्चों को भी मंच पर नहीं बुला पाएंगे

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने दिल-लुमिनाती टूर पर हैं। इस टूर के तहत वो दुनिया के अलग-अलग शहरों में जाकर अपना म्यूजिकल कॉन्सर्ट कर रहे हैं। इसी तरह का कॉन्सर्ट अब हैदराबाद में होने जा रहा है। जो शुक्रवार यानी 15 नवंबर के दिन है। लेकिन इस कॉन्सर्ट से पहले तेलंगाना सरकार ने दिलजीत दोसांझ को एक नोटिस जारी किया है।

इस नोटिस में कहा गया है कि सिंगर दिलजीत दोसांझ से अपने लाइव शो में पटियाला पैग, पंजतारा जैसे गाने नहीं गा पाएंगे। इसके साथ ही दिलजीत दोसांझ अपने शो के दौरान बच्चों को भी स्टेज पर नहीं बुला पाएंगे। तेलंगाना सरकार ने ये नोटिस दिलजीत दोसांझ, उनकी टीम और हैदराबाद के होटल नोवोटेल को जारी किया है। ये नोटिस तेलंगाना के जिला कल्याण अधिकारी की ओर से जारी किया गया है।

आपको बता दें कि चंडीगढ़ निवासी पंडितराव धरनवार ने 4 नवंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि गायक को लाइव शो के दौरान बच्चों को स्टेज पर नहीं लाना चाहिए क्योंकि लाइव शो के दौरान शोर की आवृति 122 डीबी से अधिक होती है। जो बच्चों के लिए बेहद हानिकारक है।

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट इस बाबत पहले ही निर्देश दे चुका है कि लाइव शो के दौरान शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाए जाने चाहिए।

आपको बता दें कि पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड एक्टर दिलजीत दोसांझ अपने दिल-लुमिनाती टूर के तहत इन दिनों भारत में शो कर रहे हैं। कल यानी शुक्रवार को उनका हैदराबाद में शो है। दिल-लुमिनाती टूर के तहत भारत में उनका ये तीसरा शो है सबसे पहले उन्होंने दिल्ली में शो किया था। जो कुछ ही घंटों में फुल हो गया था। उसके बाद जयपुर में शो था। अब हैदराबाद में कॉन्सर्ट होने जा रहा है, जिसको लेकर तेलंगाना सरकार ने नोटिस जारी किया है।